



दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। अब तक के रुझानों के हिसाब से भाजपा राजधानी में 27 साल बाद सरकार बनाने जा रही है। भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा नुकसान हो सकता है और वो 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
इस बार भी कांग्रेस कोई बड़ा कमाल नहीं दिखा पाई है और सभी सीट पर पीछे है। चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 12 बजे तक AAP 22 और भाजपा 48 सीटों पर आगे है। मुख्यमंत्री आतिशी पीछे चल रही हैं। AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चुनाव हार गए हैं।
अगर रुझान नतीजों में बदलते हैं तो भाजपा 1993 के बाद पहली बार सरकार बनाएगी।1993 में भाजपा ने 49 सीटें जीती थीं। तब 5 साल की सरकार के दौरान पार्टी ने 3 मुख्यमंत्री बनाए थे। नई दिल्ली सीट से केजरीवाल चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के प्रवेश वर्मा ने हराया है। प्रवेश पूर्व मुख्यमंत्री साहब सिंह वर्मा के बेटे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने यहां से हार स्वीकार कर ली है। जंगपुरा से सिसोदिया भी हार गए हैं। यहां से भाजपा उम्मीदवार तरविंदर सिंह मारवाह ने सिसोदिया को पटखनी दी है। कालकाजी सीट से मुख्यमंत्री आतिशी करीब 1,900 वोटों से पीछे चल रही हैं। रमेश बिधूड़ी यहां से आगे हैं।
चाणक्य स्ट्रेटजीस- एग्जिट पोल
5 फरवरी को मतदान के बाद एग्जिट पोल जारी किए गए थे। ज्यादातर पोल में भाजपा की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया था। चाणक्य स्ट्रेटजीस ने भाजपा को 39-44, AAP को 25-28 और कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। पी-मार्क सर्वे ने AAP को 21-31, भाजपा को 39-49 और कांग्रेस को 0-1 सीटें मिलने की संभावना जताई थी। पीपुल्स पल्स ने AAP को 10-19 और भाजपा को 51-60 सीटें मिलने की संभावना जताई थी।

Author: Knn Media
Media team