मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता सेठ पूनमचंद यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार क्षिप्रा तट पर भूखीमाता मंदिर के पास हुआ। मुख्यमंत्री मोहन के बड़े भाई नंदलाल यादव ने पिता को मुखाग्नि दी। बता दें, स्व. पूनमचंद यादव का 100 वर्ष की आयु में 3 सितंबर को निधन हो गया था। उनकी अंतिम यात्रा उनके निज निवास गीता कॉलोनी, अब्दालपुरा से शुरू हुई। इसमें जन सैलाब उमड़ पड़ा। उनके अंतिम संस्कार में भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गज नेता पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने इस मौके पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इन सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिताजी के निधन से पूरा मध्य प्रदेश स्तब्ध है। उन्होंने अपने जीवन में कठिन मेहनत और परिश्रम से मोहन यादव जैसे बेटे को खड़ा किया, जो आज पूरा मध्य प्रदेश संभाल रहे हैं। यह क्षति संपूर्ण मध्य प्रदेश की है। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश और सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से मैं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं।
Author: Knn Media
Media team