



देवास में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी और उसकी लाश को 10 महीने तक फ्रिज में छिपा कर रखा। पुलिस ने आरोपी युवक संजय पाटीदार को उज्जैन से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, संजय और प्रतिभा प्रजापति पांच साल से लिव-इन में रह रहे थे। लेकिन जब प्रतिभा ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो संजय ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि संजय ने अपने दोस्त विनोद दवे के साथ मिलकर प्रतिभा की हत्या की साजिश रची। उसने प्रतिभा की लाश को फ्रिज में डाल दिया और कमरे को लॉक कर दिया। पुलिस आरोपी संजय को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
ऐसे खुला हत्या का राज
आरोपी संजय पाटीदार किराए के कमरे में अपने लिव इन पार्टनर के साथ रहता था। उसने 10 महीने पहले प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या का खुलासा तब हुआ, जब लाइट कट जाने के बाद मकान में रह रहे अन्य किराएदारों को दुर्गंध आई। इसकी सूचना जैसे-तैसे पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस फ्रिज में शव देख चौंक गई। शव पूरी तरह काला पड़ चुका था। पुलिस के अनुसार महिला का डॉक्टरों का पैनल पीएम करेगा। वहीं, मकान मालिक ने बताया कि संजय कमरे में ताला लगा कर गया था। किराया भी नहीं दे रहा था। बार-बार कोई ना कोई बहाने बना रहा था। पुलिस के मुताबिक, मकान मालिक धीरेंद्र श्रीवास्तव ने जुलाई 2023 में यह मकान संजय पाटीदार को किराए पर दिया था। संजय ने जून 2024 में मकान खाली कर दिया था। लेकिन एक कमरे में अपना कुछ सामान छोड़ दिया था, इसमें एक फ्रिज भी है। इसी फ्रिज में महिला की लाश मिली।

Author: Knn Media
Media team