



मध्य प्रदेश के माहापौर का सम्मेलन सोमवार को इंदौर में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने सभी निगमों को आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी और कहा कि परिसीमन अब लागू होगा, जिससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी सीख के साथ ही चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि टैक्स बढ़ाकर निगम की आय बढ़ाई जाए और पारदर्शिता के साथ काम किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आरक्षण के चलते फिर से मेयर बनने का मौका नहीं मिलेगा, इसलिए टैक्स बढ़ाने में संकोच नहीं करना चाहिए। इस सम्मेलन में इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ ही प्रदेश के अन्य महापौर, विधायक और अन्य नेता उपस्थित थे।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि टैक्स बढ़ाकर निगम की आय बढ़ाई और पारदर्शिता के साथ काम करिए, लीकेज रोकिए। अभी हमारे पास बहुत शिकायतें आती हैं लेकिन अधिकांश परिषद हमारी है, इसलिए हम लोग जांच में नहीं रहते हैं, लेकिन जांच करना शुरू किया तो कई बहुत कठघरे में खड़े हो जाएंगे। पांच साल का समय मिला है। इसे जंपिंग पीरियड समझिए, इसके काम से लोग 25 साल याद करेंगे। निगम को आत्मनिर्भर बनाने पर काम कीजिए। मंत्री विजयवर्गीय ने साफ कहा कि आरक्षण के चलते फिर से मेयर तो आपको बनना नहीं है। फिर टैक्स बढ़ाने संकोच क्यों करते हो। मैंने अपने कार्यकाल में दो बार टैक्स बढ़ाया। अभी इंदौर महापौर ने भी टैक्स बढ़ाया। सस्ता पानी देते हैं, महंगी व्यवस्था होती है तो घाटा तो होगा, यूजर को पे तो करना ही चाहिए। इसलिए अच्छे से और पारदर्शिता के साथ काम कीजिए।

Author: Knn Media
Media team