



इंदौर: मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह के इंदौर में आयोजित शो को लेकर दर्शकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आयोजकों ने सिर्फ नगर निगम ही नहीं, बल्कि इंदौर की जनता को भी निराश किया।
जानकारी के मुताबिक, हनी सिंह शाम 7 बजे स्टेज पर आए, लेकिन जब तक दर्शक पूरी तरह से मस्ती के मूड में आते, करीब 8:30 बजे वे अचानक कार्यक्रम स्थल से चले गए। ऐसे में शो के लिए महंगे टिकट खरीदकर आए हजारों फैंस, जो रात 10 बजे तक परफॉर्मेंस का मजा लेने की उम्मीद कर रहे थे, उन्हें सिर्फ निराशा हाथ लगी।
आयोजन में अनियमितता के आरोप
कार्यक्रम को लेकर पहले ही विवाद चल रहा था। नगर निगम ने आयोजकों को कई बार नियमों के पालन की हिदायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद कई अनियमितताएं सामने आईं। शो का समय रात 10 बजे तक तय था, लेकिन हनी सिंह के डेढ़ घंटे पहले ही चले जाने से दर्शकों में गुस्सा फैल गया।
फैंस ने जताई नाराजगी
शो में पहुंचे दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। कई लोगों ने लिखा कि उन्होंने महंगे टिकट लेकर भी अधूरे शो का सामना किया। कुछ फैंस का कहना था कि आयोजकों ने सही जानकारी नहीं दी और शो की टाइमिंग को लेकर गुमराह किया गया।
नगर निगम भी करेगा जांच
सूत्रों के मुताबिक, नगर निगम अब इस पूरे आयोजन की जांच कर सकता है। आयोजकों द्वारा नियमों का उल्लंघन करने और दर्शकों को गुमराह करने के मामले में कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
फैंस को मिला सिर्फ धोखा!
इस शो को लेकर जिस उत्साह और उम्मीदों के साथ दर्शक पहुंचे थे, वह पूरी तरह से टूट गई। अब देखना होगा कि आयोजकों की तरफ से इस पर क्या सफाई दी जाती है, और क्या दर्शकों को उनके पैसे वापस मिल पाएंगे या नहीं।

Author: Knn Media
Media team